- Hindi News
- स्पोर्ट्स
- जूनियर एशिया कप में भारत का धमाका, चीनी ताइपे को 15-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम
जूनियर एशिया कप में भारत का धमाका, चीनी ताइपे को 15-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची टीम
स्पोर्ट्स डेस्क
कप्तान अनमोल एक्का ने दागे 6 गोल, दूसरे क्वार्टर से भारतीय टीम ने पूरी तरह संभाला मुकाबला
भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने AHF जूनियर एशिया कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने पूल-A के आखिरी मुकाबले में चीनी ताइपे को एकतरफा अंदाज में 15-0 से मात दी। मुकाबले में कप्तान अनमोल एक्का भारतीय जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर का शानदार इस्तेमाल करते हुए 6 गोल दागे और टीम की बड़ी जीत में अहम योगदान दिया।
पहले क्वार्टर में संघर्ष, फिर गोलों की बारिश
मैच की शुरुआत में चीनी ताइपे के डिफेंस ने भारतीय खिलाड़ियों को गोल करने से रोके रखा। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और भारत गोल नहीं कर सका। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार गोल करने शुरू किए। आर्यन एक्सेस, प्रभदीप सिंह और गुरसेवक सिंह ने कुछ ही मिनटों के अंतर में तीन गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद अनमोल एक्का ने दो गोल किए, जबकि अर्जुन संतोष हर्गुड़े ने भी गोल कर स्कोर को आगे बढ़ाया। हाफ टाइम तक भारत ने 6-0 की बढ़त बना ली थी।
अनमोल एक्का का शानदार प्रदर्शन
दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का दबदबा जारी रहा। अनमोल ने पेनल्टी कॉर्नर को लगातार गोल में बदलते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और इसके बाद चौथा गोल भी किया। अजीत यादव ने 35वें मिनट में गोल किया। इसके बाद अनमोल ने अपना पांचवां गोल दागकर भारत की बढ़त को 10-0 तक पहुंचा दिया।
आखिरी क्वार्टर में भी जारी रहा हमला
मैच के अंतिम क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख बनाए रखा। हरपाल ने दो गोल किए, जबकि अनमोल एक्का ने अपना छठा गोल पूरा किया। आर्यन एक्सेस ने भी दो बार गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया और भारत की बढ़त 15-0 हो गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पूल-A में अपना अभियान मजबूत प्रदर्शन के साथ पूरा किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

