- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- भोपाल
- भोपाल में गांजा बेचने की फिराक में महिला गिरफ्तार, झोले से 2 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ बरामद
भोपाल में गांजा बेचने की फिराक में महिला गिरफ्तार, झोले से 2 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ बरामद
भोपाल (म.प्र.)
ईदगाह हिल्स इलाके में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, निर्माणाधीन मल्टी के पास ग्राहक का इंतजार कर रही थी आरोपी महिला
शहर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ईदगाह हिल्स इलाके में गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रही थी। क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन मल्टी के पीछे एक महिला संदिग्ध स्थिति में झोला लेकर खड़ी है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद झोले से पुलिस को करीब 2 किलो 30 ग्राम गांजा मिला। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम इलाके में फरार आरोपियों की तलाश और पुराने मामलों की जांच के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से महिला के संबंध में जानकारी मिली। मौके पर पहुंची टीम ने संदिग्ध महिला से पूछताछ की। महिला की पहचान सुषमा यादव (55), निवासी स्वरूप नगर रेलवे कॉलोनी, गंजबासौदा, जिला विदिशा के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि महिला के पास से पारदर्शी पन्नी में रखा गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला के खिलाफ पहले भी नशीले पदार्थ से जुड़ा मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में भी आरोपी महिला के खिलाफ बासौदा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला गांजा कहां से लेकर आई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी। इसके अलावा पुलिस उसके पुराने संपर्कों, संभावित नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

