मंगलवार को सोने की कीमत 1,913 रुपए घटकर 1,19,164 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई, जबकि चांदी 1,631 रुपए गिरकर 1,43,400 रुपए प्रति किलो रह गई।
आठ दिन में सोना 10,420 और चांदी 25,830 रुपए सस्ती
सिर्फ आठ दिनों में सोने की कीमत 10,420 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 25,830 रुपए प्रति किलो तक गिर चुकी है। 19 अक्टूबर को सोना 1,29,584 रुपए प्रति 10 ग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा था, जबकि चांदी 1,69,230 रुपए प्रति किलो पर थी।
मुख्य शहरों में वर्तमान भाव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना 1,23,420 रुपए और 22 कैरेट सोना 1,13,140 रुपए प्रति 10 ग्राम की दर से बिक रहा है। मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, बेंगलुरू और कोलकाता में 24 कैरेट सोने का भाव 1,23,320 रुपए और 22 कैरेट का 1,12,990 रुपए है। वहीं अहमदाबाद और पुणे में 24 कैरेट सोना 1,23,320 रुपए और 22 कैरेट सोना 1,13,040 रुपए में उपलब्ध है।
क्यों आई गिरावट?
दीवाली के बाद सोने-चांदी की खरीदारी में कमी आने से बाजार में डिमांड घटी है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भू-राजनीतिक तनावों में कमी और डॉलर की मजबूती ने भी इन धातुओं पर दबाव बढ़ाया है। निवेशक फिलहाल सेफ-हेवन एसेट्स की ओर कम झुकाव दिखा रहे हैं।
जनवरी से अब तक 43 हजार बढ़ा सोना, 57 हजार महंगी हुई चांदी
हालांकि, अगर पूरे साल का रुझान देखें तो जनवरी 2025 से अब तक सोना 43,002 रुपए और चांदी 57,383 रुपए महंगी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2024 को 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए और चांदी 86,017 रुपए प्रति किलो थी, जो अब क्रमशः 1,19,164 और 1,43,400 रुपए तक पहुंच गई है।