- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृहमंत्री शाह से की मुलाकात, नक्सल अभियान की प्रगति और बस्तर व...
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृहमंत्री शाह से की मुलाकात, नक्सल अभियान की प्रगति और बस्तर विकास पर हुई चर्चा
Raipur, CG
.jpg)
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में नक्सल उन्मूलन के लिए चल रहे अभियानों की प्रगति और बस्तर अंचल के विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट गृहमंत्री को सौंपी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की रणनीतिक पहल और केंद्र सरकार के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिल रही है।
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि विगत डेढ़ वर्ष में चलाए गए सघन अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस अवधि में 1,428 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जो कि पिछले पांच वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। वहीं 205 मुठभेड़ों में कुल 427 माओवादी मारे गए, जिनमें संगठन के बड़े नेता जैसे महासचिव बसवा राजू और सेंट्रल कमेटी सदस्य सुधाकर भी शामिल हैं।
साय ने बताया कि राज्य में 64 नए फॉरवर्ड सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिनके आसपास के इलाकों में अब बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्कूल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुँचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने ‘नियद नेल्लानार योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके अंतर्गत चिन्हित 146 ग्रामों में एकीकृत रूप से 18 प्रकार की सामुदायिक सेवाएं और 25 शासकीय योजनाएं लागू की जा चुकी हैं, जिससे इन क्षेत्रों में विश्वास और सुरक्षा की भावना प्रबल हुई है।
गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के सशक्त प्रयासों से माओवादी गतिविधियों पर कड़ा अंकुश लगाया जा सका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार आगे भी हरसंभव सहयोग देती रहेगी ताकि छत्तीसगढ़ नक्सल-मुक्त राज्य बन सके।