- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- बिलासपुर में जाम से राहत की कवायद तेज, सड़कों से हटाया गया अतिक्रमण
बिलासपुर में जाम से राहत की कवायद तेज, सड़कों से हटाया गया अतिक्रमण
बिलासपुर (छ.ग.)
नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन विकसित करने पर फोकस
बिलासपुर शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित आवागमन से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को नगर निगम और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान दुकानों के सामने फैलाए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों को पहले ही ‘ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन’ घोषित कर दिया है। इनमें अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक तक का क्षेत्र शामिल है। इन क्षेत्रों में अब यातायात नियम तोड़ने वालों पर बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौथे सेक्टर के रूप में तालापारा क्षेत्र के मगरपारा चौक से भारतीय नगर चौक तक की सड़क को शामिल किया गया है। यहां जिला प्रशासन, नगर निगम और यातायात पुलिस की टीमों ने समन्वित रूप से सड़क पर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण, ठेले, गुमटियां, बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स और होर्डिंग हटाने की कार्रवाई की।
बुलडोजर से हटाए गए अवैध कब्जे
संयुक्त अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानों के सामने किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि इन अवैध कब्जों के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था।
एक माह तक चलेगा पायलट प्रोजेक्ट
प्रशासन ने इस अभियान को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एक माह तक चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से ठेला-गुमटी, चलित दुकानें, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात बाधित करने वाली अन्य संरचनाओं को हटाया जाएगा। साथ ही सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और दुकानों के सामने सड़क पर अतिक्रमण न करें, ताकि आवागमन सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके।
अधिकारी बोले
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि शहर को चरणबद्ध तरीके से ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए शहर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर में क्रमशः कार्रवाई की जा रही है। मगरपारा रोड पर हुई कार्रवाई इसी योजना का हिस्सा है।
-----
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
