- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- सतना के नागौद में घर से 61 लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
सतना के नागौद में घर से 61 लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
सतना
चटाई मोहल्ले में पुलिस ने दबिश देकर 300 पाव देशी और 45 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की; जब्त शराब की कीमत ₹32,850 बताई गई, एक आरोपी फरार
नागौद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक घर से 61 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल कीमत 32,850 रुपये है। मामले में चटाई मोहल्ला निवासी गोपाल साहू उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चटाई मोहल्ले में रहने वाला गोपाल साहू अपने घर में बड़ी मात्रा में शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध के घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कमरे में प्लास्टिक की चार बोरियां मिलीं। इनमें प्रिंस ब्रांड की 300 पाव देशी प्लेन शराब रखी हुई थी। इसके अलावा एक झोले से गोवा व्हिस्की की 45 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब की गिनती और जांच के बाद कुल मात्रा 61 लीटर बताई। आरोपी से शराब रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने यह शराब 24 अगस्त को आदर्श सिंह निवासी बाबूपुर पाकर से 11 हजार रुपये में खरीदी थी। आरोपी के कथन के आधार पर पुलिस अब शराब की आपूर्ति से जुड़े दूसरे व्यक्ति की तलाश कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी गोपाल साहू उर्फ सोनू, पिता स्वर्गीय दिनेश साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी चटाई मोहल्ला नागौद, को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले में आदर्श सिंह निवासी बाबूपुर पाकर थाना नागौद को पुलिस ने फरार बताया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे और एसडीओपी रघु केसरी के मार्गदर्शन में नागौद पुलिस द्वारा की गई।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

