- Hindi News
- टॉप न्यूज़
- MP में इंटर्न डॉक्टरों की मांगें मंजूर, स्टाइपेंड बढ़कर ₹21,500 हुआ; हड़ताल खत्म
MP में इंटर्न डॉक्टरों की मांगें मंजूर, स्टाइपेंड बढ़कर ₹21,500 हुआ; हड़ताल खत्म
भोपाल (म.प्र.)
सरकार के आश्वासन के बाद डॉक्टर काम पर लौटे, लाठीचार्ज और वाटर कैनन मामले में दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
मध्य प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों का चल रहा आंदोलन सरकार के फैसले के बाद खत्म हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि इंटर्न डॉक्टरों, जूनियर डॉक्टरों और मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद उनकी प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया गया है।
सरकार के निर्णय के अनुसार अब इंटर्न डॉक्टरों को बढ़ा हुआ स्टाइपेंड मिलेगा। पहले की तुलना में इसमें 50 प्रतिशत की वृद्धि की गई है और अब राशि बढ़कर ₹21,500 प्रति माह हो जाएगी। फैसले के बाद प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों ने आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया और अपने काम पर लौट गए।
लाठीचार्ज मामले में कार्रवाई
आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे थे। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम बनाई गई है। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इंटर्न डॉक्टरों, जूनियर डॉक्टरों और अन्य प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा में उनकी समस्याओं पर विस्तार से बातचीत की गई। बैठक के बाद सरकार ने स्टाइपेंड बढ़ाने समेत अन्य मांगों पर सहमति जताई। इसके बाद डॉक्टरों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
डॉक्टरों को लेकर सरकार का भरोसा
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि डॉक्टर स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार उनकी समस्याओं को ध्यान में रखकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े छात्रों और डॉक्टरों के हितों को लेकर सरकार लगातार फैसले ले रही है।
आंदोलन से प्रभावित हुई थीं सेवाएं
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टर कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों में ओपीडी समेत कुछ स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा था। अब मांगों पर सहमति बनने के बाद डॉक्टरों की वापसी से अस्पतालों में नियमित व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद है।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

