- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- भोपाल
- भोपाल में ईद मिलादुन्नबी के दो जुलूस, मंगलवारा-अशोका गार्डन से निकले; कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट
भोपाल में ईद मिलादुन्नबी के दो जुलूस, मंगलवारा-अशोका गार्डन से निकले; कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट
भोपाल (म.प्र.)
पुराने और नए शहर में जुलूसों के चलते दोपहर से रात तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था; मंगलवारा का जुलूस इमामी गेट और अशोका गार्डन का जिंसी चौराहे पर पहुंचेगा
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार, 26 अगस्त को भोपाल में दो प्रमुख जुलूस निकाले जा रहे हैं। एक जुलूस मंगलवारा क्षेत्र से और दूसरा अशोका गार्डन से निकाला जा रहा है। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। जुलूसों को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया है। मंगलवारा क्षेत्र का जुलूस इतवारा मस्जिद से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए पीरगेट पहुंचेगा और इमामी गेट पर इसका समापन होगा। जुलूस में विभिन्न अखाड़ों के दल भी शामिल हैं। इनके सदस्य पारंपरिक कला और शौर्य प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के मुताबिक, ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन भोपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द को सामने रखने का माध्यम है। कमेटी के संरक्षक शमशुअल हसन बल्ली ने अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले जुलूसों को इमामी गेट पर एक साथ लाने की अपील की है। उन्होंने सामाजिक और मुस्लिम संगठनों से इस आयोजन में साथ आने की बात कही है। अशोका गार्डन से निकलने वाला जुलूस पुष्प नगर पुलिया, नूतन नगर रोड, ऐशबाग रोड, सोनिया कॉलोनी, दुर्गा धाम मंदिर रोड, अशोका गार्डन थाना, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा और प्रभात चौराहा होते हुए आगे बढ़ेगा। इसके बाद जुलूस सुभाष नगर ओवरब्रिज और स्लाटर हाउस के सामने से गुजरते हुए जिंसी चौराहा पहुंचेगा, जहां इसका समापन निर्धारित है।
दोनों जुलूसों के कारण भोपाल के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। मंगलवारा इलाके में दोपहर से रात तक और अशोका गार्डन क्षेत्र में भी जुलूस के दौरान जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से जुलूस वाले मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है। जुलूस के दौरान मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के साथ सिटी बसों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। वाहन चालक रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज, हमीदिया रोड, रेतघाट, कमला पार्क और पॉलीटेक्निक चौराहा जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

