- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- अवंतिका एक्सप्रेस में आरक्षित डिब्बों में भीड़, यात्रियों ने उठाई सुरक्षा की मांग
अवंतिका एक्सप्रेस में आरक्षित डिब्बों में भीड़, यात्रियों ने उठाई सुरक्षा की मांग
इंदौर (म.प्र.)
रेल मंत्री तक पहुंची शिकायत; डीआरएम रतलाम ने दिए जांच के निर्देश
इंदौर-मुंबई के बीच संचालित अवंतिका एक्सप्रेस में आरक्षित डिब्बों में अनधिकृत यात्रियों के प्रवेश को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यात्रियों का आरोप है कि स्लीपर कोच एस-2 समेत अन्य आरक्षित डिब्बों में सामान्य टिकटधारी यात्रियों की भीड़ इतनी अधिक थी कि सीट तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
शिकायत के अनुसार, एक यात्री की मां, पत्नी और तीन वर्षीय बच्ची ट्रेन से सफर कर रही थीं। भीड़ के कारण न केवल असुविधा हुई बल्कि सुरक्षा को लेकर भी चिंता की स्थिति बन गई। यात्रियों का कहना है कि डिब्बों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए न तो रेलवे सुरक्षा बल के जवान नजर आए और न ही कोई अन्य रेलवे कर्मचारी, जिससे हालात बिगड़ते गए।
मामले को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए यात्रियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक शिकायत पहुंचाई। शिकायत सामने आने के बाद डीआरएम रतलाम कार्यालय ने रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग सहित संबंधित शाखाओं को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि आरक्षित कोचों में अनधिकृत प्रवेश पाया गया तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महू-पटना साप्ताहिक विशेष ट्रेन 24 फरवरी से
यात्रियों की बढ़ती मांग और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे ने महू से पटना के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी। महू से सेवा 24 फरवरी से शुरू होगी, जबकि पटना से 25 फरवरी से परिचालन प्रारंभ होगा।
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेन की मांग की गई थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
संचालन तिथियां
महू से: 24 फरवरी, 3 मार्च, 10 मार्च, 17 मार्च और 24 मार्च।
पटना से: 25 फरवरी, 4 मार्च, 11 मार्च, 18 मार्च और 25 मार्च।
समय सारिणी
महू से ट्रेन प्रत्येक मंगलवार शाम 6 बजे रवाना होगी। इंदौर से 6:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 6:30 बजे पटना पहुंचेगी।
पटना से प्रत्येक बुधवार रात 9:30 बजे रवाना होकर ट्रेन अगले दिन रात 11:10 बजे इंदौर और 11:55 बजे महू पहुंचेगी।
रेलवे ने उम्मीद जताई है कि विशेष ट्रेन से यात्रियों को राहत मिलेगी और भीड़ का दबाव कम होगा।
-----
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
