- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- विश्व पर्यावरण दिवस पर नीमच में साइकिल रैली और वृक्षारोपण: डिप्टी कलेक्टर ने खुद चलाई साइकिल
विश्व पर्यावरण दिवस पर नीमच में साइकिल रैली और वृक्षारोपण: डिप्टी कलेक्टर ने खुद चलाई साइकिल
Neemuch, MP

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नीमच में भारतीय सुभाष सेवा संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइकिल रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में जिले के डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे ने स्वयं साइकिल चलाकर सहभागिता कर आमजन को हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति प्रेरित किया।
रैली की शुरुआत शहर के फव्वारा चौक से हुई, जो विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए गांधी कॉलोनी और शोरूम चौराहा तक पहुंची। पूरे मार्ग में लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे ने इस अवसर पर कहा, "पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या संस्थाओं की नहीं, बल्कि हर नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण और प्रदूषण नियंत्रण के छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।"
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भागीदारी
इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने भी शिरकत की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को जरूरी बताया।
संस्था के संरक्षक नवीन अग्रवाल और अध्यक्ष किशोर बागड़ी के नेतृत्व में कार्यक्रम का संचालन हुआ। साथ ही रमेश मौर्य, जगदीश शर्मा, दुलीचंद किनरिया, प्रवीण आर्य, टेकचंद बुनकर, कन्हैयालाल शर्मा, पृथ्वी सिंह वर्मा और अनिल चौरसिया सहित संस्था के कई सक्रिय सदस्य भी उपस्थित रहे।