मध्यप्रदेश के जबलपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। 40 से 50 मुस्लिम महिलाओं ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के मंडल अध्यक्ष और अल्पसंख्यक नेता ने उनके हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लेकर योजना की राशि अपने कब्जे में कर ली।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें धमकियां दी गईं और बदसलूकी की गई। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होते देख महिलाएं शनिवार को सीधे एसपी ऑफिस पहुंचीं और लिखित में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपों के घेरे में बीजेपी नेता अकील अंसारी और गुलाब नवी के नाम आए हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने योजना की राशि फर्जी तरीके से निकाल ली। एसपी ऑफिस में विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि यदि उन्हें जल्द राशि नहीं मिली तो वे उग्र आंदोलन करेंगी।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। यह पूरा मामला आधारताल थाना क्षेत्र का है.

