- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- सोयाबीन के कम भाव पर किसानों का गुस्सा फूटा: शाजापुर में 15 मिनट तक चक्का जाम
सोयाबीन के कम भाव पर किसानों का गुस्सा फूटा: शाजापुर में 15 मिनट तक चक्का जाम
Shajapur,MP
कृषि उपज मंडी में सोयाबीन के दाम कम मिलने से नाराज किसानों ने गुरुवार को शहर के मुख्य हाईवे पर करीब 15 मिनट तक चक्का जाम कर दिया।
किसानों ने सरकार और मंडी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही एसडीएम मनीषा वास्कले और कोतवाली थाना प्रभारी संतोष सिंह वाघेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर जाम खत्म करवाया।
किसानों का कहना था कि उन्हें भावांतर योजना के तहत तय मूल्य से कम दर पर सोयाबीन बेचना पड़ रहा है। गुरुवार को मंडी में सोयाबीन का भाव 3500 से 4000 रुपए प्रति क्विंटल के बीच रहा, जबकि किसानों की मांग थी कि उन्हें कम से कम 4000 रुपए या उससे अधिक कीमत मिलनी चाहिए।
किसान संजय ने बताया कि वे ग्रेडिंग किया हुआ सोयाबीन लेकर आए थे, लेकिन मंडी में उन्हें उम्मीद से कम भाव दिया गया। उनका आरोप था कि मंडी कर्मचारियों ने वर्दी या नेमप्लेट नहीं पहनी थी, जिससे पहचान में दिक्कत हुई। किसानों ने कहा कि मंडी में सुरक्षा और पारदर्शिता की कमी है।
इधर, व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष किरण सिंह ठाकुर ने बताया कि सोयाबीन प्रोसेसिंग प्लांट्स ने ही खरीद दरें घटा दी हैं, इसलिए व्यापारी उसी के अनुसार बोली लगा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी की नीलामी प्रक्रिया का भावांतर योजना से कोई सीधा संबंध नहीं है। विरोध के चलते कुछ समय के लिए खरीदी रुकी थी, लेकिन अधिकारियों की समझाइश के बाद दोपहर 2 बजे के बाद फिर से नीलामी शुरू कर दी गई।
एसडीएम मनीषा वास्कले ने बताया कि मौसम में नमी और गुणवत्ता में कमी के चलते व्यापारियों ने दरें घटाईं। किसानों की शिकायत के बाद प्रशासन ने व्यापारियों से चर्चा कर स्थिति सामान्य कर दी।
👉 हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
