- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- MP में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव टले, बाढ़ और सुरक्षा हालात के चलते आयोग का फैसला
MP में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव टले, बाढ़ और सुरक्षा हालात के चलते आयोग का फैसला
भोपाल (म.प्र.)
29 सितंबर को प्रस्तावित मतदान स्थगित, कलेक्टरों की रिपोर्ट के बाद नई तारीखों पर बाद में होगा निर्णय
मध्य प्रदेश में प्रस्तावित नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने 29 सितंबर को होने वाले मतदान को स्थगित कर दिया है। आयोग ने यह निर्णय संबंधित जिलों के कलेक्टरों और जिला निर्वाचन अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया है। अधिकारियों ने मौजूदा परिस्थितियों में चुनाव प्रक्रिया संचालित करने में कठिनाई जताई थी। फिलहाल आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद को छोड़कर अन्य संबंधित नगरीय निकायों और पंचायतों के चुनाव स्थगित किए गए हैं।
हालात सामान्य होने के बाद घोषित होगी नई तारीख
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जब संबंधित क्षेत्रों में परिस्थितियां चुनाव के लिए अनुकूल होंगी, तब जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर नई मतदान तारीख तय की जाएगी। आयोग ने पहले 29 सितंबर 2026 को मतदान निर्धारित किया था। इसके लिए 8 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी थी।
अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए होना था मतदान
प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों में टीकमगढ़ नगरपालिका और धार जिले की कुक्षी नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए मतदान होना था। इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग नगरीय निकायों में खाली पड़े 26 पार्षद पदों पर भी उपचुनाव प्रस्तावित थे। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार, 15 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जाने थे। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 18 सितंबर तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होनी थी। मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक और मतगणना 3 अक्टूबर को प्रस्तावित थी।
पंचायतों में हजारों पदों पर होना था चुनाव
पंचायत उपचुनाव के तहत प्रदेश में कई पदों के लिए मतदान होना था। इनमें जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच पद शामिल थे। इन चुनावों के तहत 7 जिला पंचायत सदस्य, 28 जनपद पंचायत सदस्य, 110 सरपंच और 4090 पंच पदों के लिए प्रक्रिया तय की गई थी। पंचायत क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया था।
कई बड़े शहरों के वार्ड चुनाव भी प्रभावित
स्थानीय निकाय उपचुनावों में इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60, ग्वालियर वार्ड 5, सागर वार्ड 11, कटनी वार्ड 41 और खंडवा वार्ड 34 सहित कई स्थान शामिल थे। इसके अलावा दमोह, इटारसी, मुलताई, दतिया, कोतमा, आष्टा और विदिशा जैसे क्षेत्रों में खाली पार्षद पदों के लिए भी चुनाव होना था।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

