- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- ग्वालियर में AI ट्रेडिंग के नाम पर ठगी, नर्सिंग कॉलेज अधिकारी से 9.41 लाख ऐंठे
ग्वालियर में AI ट्रेडिंग के नाम पर ठगी, नर्सिंग कॉलेज अधिकारी से 9.41 लाख ऐंठे
ग्वालियर (म.प्र.)
फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट में दिखाया 75 लाख का मुनाफा, रकम निकालने के बहाने वसूली करते रहे साइबर ठग
ग्वालियर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शहर के सिरोल क्षेत्र में रहने वाले एक नर्सिंग कॉलेज अधिकारी से कथित AI ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए 9 लाख 41 हजार 960 रुपए की धोखाधड़ी की गई। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, सिकरौदा चौराहा स्थित आरएस सिंह कॉलेज ऑफ नर्सिंग में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत आशीष मिटकर (46) को फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा दिया गया। आरोप है कि ठगों ने खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा कर्मचारी बताकर उनसे संपर्क किया और AI आधारित ऑटोमेटिक ट्रेडिंग से कम समय में बड़ा लाभ कमाने का दावा किया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 'वैल्यू ट्रेड' नाम की कंपनी के जरिए डीमैट अकाउंट खुलवाने के लिए कहा। इसके बाद आशीष को कम जोखिम और ज्यादा रिटर्न का लालच दिया गया। ठगों ने 300 प्रतिशत बोनस और ऑटोमैटिक ट्रेडिंग जैसी सुविधाओं का दावा कर भरोसा हासिल किया।
इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में करीब 3 लाख रुपए जमा किए। आरोपी अक्षय नाम के व्यक्ति ने खुद की ओर से 2.50 लाख रुपए निवेश करने और कंपनी की तरफ से अतिरिक्त बोनस मिलने की बात कही। कुछ समय बाद ट्रेडिंग अकाउंट में करीब 90 हजार डॉलर यानी लगभग 75 लाख रुपए का मुनाफा दिखाई देने लगा। स्क्रीन पर बढ़ती रकम देखकर पीड़ित को निवेश सही लगने लगा और उन्होंने आगे भी बातचीत जारी रखी।
जब आशीष ने खाते में दिख रही रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने नई शर्तें रख दीं। आरोप है कि कभी विड्रॉल चार्ज तो कभी पेनल्टी और अन्य शुल्क के नाम पर उनसे लगातार पैसे जमा करवाए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम लेनदेन से जुड़े बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जानकारी जुटा रही है।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

