- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने किए महाकाल के दर्शन, मंदिर समिति ने किया सम्मानित
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने किए महाकाल के दर्शन, मंदिर समिति ने किया सम्मानित
Ujjain, MP
.jpg)
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने मंगलवार को उज्जैन प्रवास के दौरान श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन कर भगवान महाकाल से देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के गर्भगृह के बाहर से उन्होंने विधिवत पूजन किया।
पूजन का कार्य मंदिर के पुजारी आकाश शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से राज्यमंत्री को भगवान महाकाल का दुपट्टा और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।
महाकाल और बनारस के विकास पर दिया बयान
मीडिया से बातचीत में मंत्री ठाकुर ने कहा कि उन्होंने देश की उन्नति और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भगवान महाकाल से आशीर्वाद लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि महाकाल लोक और बनारस जैसे तीर्थ स्थलों का विकास अभूतपूर्व हुआ है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
महिलाओं के लिए चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी
राज्यमंत्री ने बताया कि उनके विभाग द्वारा निर्भया फंड के माध्यम से प्रमुख पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रवास के दौरान महिलाओं से संवाद कर योजनाओं की जानकारी लेंगी और फील्ड रिपोर्ट भी देखेंगी।