- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- कोरबा बाईपास पर दो बाइकों की सीधी टक्कर, 5 वर्षीय बच्चा समेत 4 घायल
कोरबा बाईपास पर दो बाइकों की सीधी टक्कर, 5 वर्षीय बच्चा समेत 4 घायल
कोरबा (छ.ग.)
बुधवारी मार्ग पर अतिक्रमण और सड़क किनारे पार्किंग पर उठे सवाल; दो घायलों की हालत गंभीर
कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 बजे बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक पांच वर्षीय मासूम भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना श्रीवास भवन के पास हुई। एक बाइक बुधवारी की ओर से आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। दूसरी बाइक टीपी नगर की दिशा से आ रही थी, जिस पर पति-पत्नी और उनका बच्चा सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश के दौरान दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि मासूम बच्चे को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी मां के सिर पर चोट लगी है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को दुर्घटना की बड़ी वजह बताया है। उनका कहना है कि टीपी नगर से बुधवारी बाईपास तक सड़क के दोनों ओर चारपहिया वाहन खड़े रहते हैं। दुकानदार भी फुटपाथ और सड़क किनारे सामान रख देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ जाता है।
यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में बुधवारी घोड़ा चौक के पास भी तेज रफ्तार ट्रेलर दुकानों में घुस चुका है। नगर निगम समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करता है, लेकिन कुछ ही दिनों में स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।
पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही प्रशासन को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई है।
----
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
