- Hindi News
- स्पोर्ट्स
- 51 साल की उम्र में जोआन हिक्स का कमाल, 94 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
51 साल की उम्र में जोआन हिक्स का कमाल, 94 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
स्पोर्ट्स डेस्क
ग्रीस के खिलाफ 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए, इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक उम्र में पांच विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनीं
क्रिकेट में उम्र को अक्सर प्रदर्शन के आड़े आने वाली चीज माना जाता है, लेकिन आइल ऑफ मैन की जोआन हिक्स ने मैदान पर इसका उलटा साबित कर दिया। 51 साल 171 दिन की उम्र में हिक्स ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच विकेट लेकर नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने यह उपलब्धि ग्रीस के खिलाफ महिला कॉन्टिनेंटल कप मुकाबले में हासिल की। इस प्रदर्शन के साथ हिक्स ने करीब नौ दशक पुराने रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के बर्ट आयरनमॉन्गर के नाम था, जिन्होंने 1932 में 49 साल 314 दिन की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच विकेट लिए थे।
चार ओवर में पांच विकेट
रोमानिया में खेले गए मुकाबले में आइल ऑफ मैन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। जोआन हिक्स ने गेंद संभालते हुए ग्रीस के बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में केवल 10 रन खर्च किए और पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हिक्स की गेंदबाजी के सामने ग्रीस की पूरी टीम 15 ओवर में 52 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से आर्गिरोपोलू ने 17 रन बनाए, जो पारी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रहा। आइल ऑफ मैन की जॉर्जिना फोर्ड ने भी दो विकेट हासिल किए।
छह ओवर में लक्ष्य हासिल
52 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए आइल ऑफ मैन ने महज छह ओवर में एक विकेट गंवाकर 56 रन बना लिए। लिबी मूर 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। शानदार गेंदबाजी के लिए जोआन हिक्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पहले भी कर चुकी हैं पांच विकेट का कारनामा
जोआन हिक्स के लिए पांच विकेट लेने का यह पहला मौका नहीं है। अगस्त 2024 में उन्होंने माल्टा के खिलाफ 49 साल 162 दिन की उम्र में 10 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। इसके कुछ ही दिन बाद ग्रीस के खिलाफ उन्होंने फिर पांच विकेट झटके थे। उस मुकाबले में उनकी उम्र 49 साल 168 दिन थी और उन्होंने 22 रन देकर पांच विकेट लिए थे। उस समय भी उन्होंने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा उम्र में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था।
40 साल की उम्र में किया था टी-20 डेब्यू
जोआन हिक्स की क्रिकेट यात्रा भी खास रही है। उन्होंने 40 वर्ष की उम्र में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद लगातार प्रभावी प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। अब 51 वर्ष की उम्र में पांच विकेट लेने की उपलब्धि ने उनके करियर को एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड से जोड़ दिया है।
आइल ऑफ मैन की महिला टीम का प्रदर्शन बेहतर
आइल ऑफ मैन की पुरुष टीम ने अब तक 33 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले हैं। इनमें टीम को 15 मैचों में जीत और 15 में हार मिली, जबकि तीन मुकाबले बेनतीजा रहे। महिला टीम का रिकॉर्ड इससे बेहतर रहा है। उसने 37 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 22 जीत दर्ज की हैं, जबकि 15 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

