- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- परीक्षा सीजन में सख्ती: रायपुर में तेज आवाज वाला DJ जब्त
परीक्षा सीजन में सख्ती: रायपुर में तेज आवाज वाला DJ जब्त
रायपुर (छ.ग.)
110 डेसिबल तक पहुंची ध्वनि, तय सीमा 50 डेसिबल
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने बिना अनुमति संचालित हो रहे एक डीजे पर कार्रवाई की है। ध्वनि स्तर 95 से 110 डेसिबल तक रिकॉर्ड किया गया, जबकि निर्धारित सीमा 50 डेसिबल है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ होंगी। ऐसे में प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान शोर-शराबे पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
गोलबाजार क्षेत्र में कार्रवाई
सेंट्रल जोन के गोलबाजार थाना क्षेत्र में बिना अनुमति डीजे बजाने पर पुलिस ने वाहन सहित साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। यह कार्रवाई कोलाहल अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि तेज ध्वनि से क्षेत्र की शांति भंग हो रही थी और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती थी।
जांच में सामने आया कि डीजे संचालक धमतरी निवासी कुणाल बावले बिना प्रशासनिक अनुमति के उपकरण चला रहा था।
पहले भी सामने आ चुकी हैं गंभीर घटनाएं
प्रदेश में तेज ध्वनि वाले डीजे से जुड़ी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
-
बिलासपुर में तेज साउंड के कारण छज्जा गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई थी।
-
बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से एक युवक की नस फटने की घटना सामने आई थी।
-
इसी जिले में गणेश विसर्जन के दौरान डीजे पर नाचते समय 15 वर्षीय किशोर की हार्ट अटैक से मौत भी दर्ज की गई थी।
कोर्ट के निर्देशों के बावजूद उल्लंघन
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट द्वारा ध्वनि प्रदूषण को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पालन में लापरवाही देखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि में बिना अनुमति और निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
----
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
