- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- भोपाल में ईरानी डेरे पर आधी रात छापा: 1 करोड़ का सोना जब्त, 39 गिरफ्तार
भोपाल में ईरानी डेरे पर आधी रात छापा: 1 करोड़ का सोना जब्त, 39 गिरफ्तार
भोपाल (म.प्र.)
400 पुलिसकर्मियों की संयुक्त कार्रवाई; छह राज्यों में सक्रिय गिरोह पर शिकंजा, बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल और मादक पदार्थ बरामद
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए कथित ईरानी डेरे पर छापा मारकर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया और 8 महिलाओं समेत 39 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शहर में चलाए गए विशेष कॉम्बिंग अभियान का हिस्सा थी, जिसमें कुल 408 फरार आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आधी रात करीब दो बजे 400 पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने अमन कॉलोनी स्थित डेरे को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान 644.56 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 240 ग्राम चांदी, 39 मोबाइल फोन, 1 लाख 35 हजार रुपये नकद और करीब 1 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा 17 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोग चोरी, नकबजनी, चेन स्नेचिंग और वाहन चोरी जैसे मामलों में वांछित थे। अभियान के दौरान 283 स्थायी वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी तामील की गईं। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई शहर में बढ़ती संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और संगठित गिरोहों की गतिविधियों को तोड़ने के उद्देश्य से की गई।
जांच एजेंसियों के मुताबिक यह गिरोह केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं था, बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान समेत छह राज्यों में सक्रिय रहा है। गिरोह का कथित सरगना राजू ईरानी को पहले गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में वारदात को अंजाम देकर भोपाल लौट आते थे, जहां से बरामद माल का नेटवर्क संचालित होता था।
पिछले वर्ष 31 दिसंबर को भी पुलिस ने अमन कॉलोनी में छापा मारकर गिरोह के कई सदस्यों को पकड़ा था और अवैध हथियार समेत लूट का सामान बरामद किया था। ताजा कार्रवाई उसी कड़ी का विस्तार मानी जा रही है। पुलिस अब जब्त मोबाइल और वाहनों के जरिए अन्य राज्यों में दर्ज मामलों से कनेक्शन खंगाल रही है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और बरामद सामग्री के स्रोत की जांच की जा रही है। पुलिस शहर में ऐसे अन्य ठिकानों की पहचान कर आगे भी कॉम्बिंग अभियान जारी रखने की तैयारी में है।
----------------------
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
