- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- सनातन परंपरा राष्ट्र की आत्मा है: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
सनातन परंपरा राष्ट्र की आत्मा है: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल (म.प्र.)
हरिद्वार में संत सम्मेलन को संबोधित करते हुए बोले—हिंदुत्व हमारी सांस्कृतिक चेतना का आधार
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और आदि शंकराचार्य जैसे महान आचार्यों ने इसे वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि वैचारिक स्तर पर भारत को अपनी सनातन परंपरा पर गर्व है और यही सांस्कृतिक चेतना राष्ट्र को एक सूत्र में बांधती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को हरिद्वार में समन्वय सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना समारोह के अंतर्गत आयोजित संत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भूमि आदि शंकराचार्य से गहराई से जुड़ी रही है और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा दे रही हैं।
भारत माता मंदिर को बताया ऊर्जा का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार स्थित भारत माता मंदिर समाज में राष्ट्रीय चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहा है। संत समाज और सरकार मिलकर सनातन संस्कृति की शाश्वत धारा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने मुख्यमंत्री को सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सिंहस्थ-2028 के लिए संतों को आमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आदि शंकराचार्य परंपरा के संवाहक और भारत माता मंदिर के संस्थापक पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज को नमन करते हुए कहा कि उज्जैन सिंहस्थ-2028 को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने सभी संत-महात्माओं को सिंहस्थ में पधारने का आमंत्रण दिया।
राष्ट्रीय विकास पर वक्ताओं के विचार
-
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से देश में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। भारत आर्थिक और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
-
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि सत्संग और संतों का मार्गदर्शन मानव जीवन को नई दृष्टि देता है। भारत की पहचान उसकी सनातन संस्कृति से है।
-
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संतों को सनातन चेतना का जीवंत स्वरूप बताते हुए कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी का योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गान के साथ हुआ।
योगगुरु रामदेव के साथ किया योगाभ्यास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में योगगुरु स्वामी रामदेव के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने योगपीठ के वातावरण को मानसिक शांति और आत्मबल देने वाला बताया। उन्होंने भारत माता मंदिर में दर्शन, पूजन और यज्ञ में भाग लेकर सभी के कल्याण की कामना की।
-------
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
