- Hindi News
- टॉप न्यूज़
- PM मोदी ने BJP की नई टीम से की मुलाकात, बोले- संगठन को मजबूत करने में मिलते हैं नए विचार
PM मोदी ने BJP की नई टीम से की मुलाकात, बोले- संगठन को मजबूत करने में मिलते हैं नए विचार
भारत
दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम के साथ बैठक; इससे पहले नितिन नवीन ने पदाधिकारियों से चुनावी तैयारी और जमीनी संपर्क पर चर्चा की
नई दिल्ली में शनिवार को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पहली बैठक हुई। मोदी पार्टी मुख्यालय पहुंचे और नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की। बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे नए विचारों और दृष्टिकोणों के आदान-प्रदान का अवसर बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि संगठनात्मक बैठकों के जरिए पार्टी को मजबूत करने और लोगों से जुड़ाव बढ़ाने पर विचार किया जाता है। यह मुलाकात भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद हुई है।
65 सदस्यीय टीम के साथ मोदी की पहली बैठक
भाजपा ने 17 अगस्त को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम घोषित की थी। इसमें कुल 65 पदाधिकारी हैं, जिनमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आठ राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं। नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व RSS पदाधिकारी राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी संगठन में जिम्मेदारी मिली है।
सुबह नितिन नवीन ने की थी संगठनात्मक बैठक
मोदी के साथ बैठक से पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय टीम के साथ अपनी पहली बैठक की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इसमें आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन की आगे की गतिविधियों और राज्यों में पार्टी के जनसंपर्क को मजबूत करने पर भी जोर रहा। दिन में इसके बाद राज्य अध्यक्षों, राज्य प्रभारियों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भी संगठनात्मक स्तर पर बैठकें प्रस्तावित थीं।
नई टीम में पुराने अनुभव और नए चेहरों का मिश्रण
नई राष्ट्रीय टीम में अनुभवी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में नए चेहरों को शामिल किया गया है। राम माधव, वसुंधरा राजे सिंधिया और स्मृति ईरानी जैसे वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कई नए पदाधिकारियों को भी राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है। पार्टी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष को इस पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
नई टीम में छत्तीसगढ़ से भी अहम नियुक्ति
भाजपा की नई टीम में छत्तीसगढ़ से जुड़े नेता दीपक म्हास्के को पार्टी के IT विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने अमित मालवीय की जगह यह दायित्व संभाला है। इसके अलावा नई टीम में 12 महिलाओं और छह अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े नेताओं को जगह मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
बैठक में ‘वंदे मातरम्’ पर प्रस्ताव
नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और सम्मान की रक्षा से जुड़ा प्रस्ताव भी पारित किया गया। भाजपा ने इसे गीत की विरासत और सम्मान को बनाए रखने से जुड़ा प्रस्ताव बताया है।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

