भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक रवींद्र चव्हाण ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज हजारों बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। कल्याण-डोंबिवली की हजारों महिलाओं ने रवींद्र चव्हाण की कलाई पर स्नेहपूर्वक राखी बांधकर बड़े उत्साह के साथ रक्षाबंधन मनाया। विशेष रूप से स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्राओं की भी इस रक्षाबंधन समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
डोंबिवलीकर न्यू फोर्स अकादमी में सैन्य एवं पुलिस भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण ले रही छात्राओं ने भी इस अवसर पर उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई। डोंबिवली और कल्याण में दिनभर रवींद्र चव्हाण के लिए रक्षाबंधन के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। सुबह स्वतंत्रवीर सावरकर स्थल पर, जबकि दोपहर में सम्राट चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय में रक्षाबंधन मनाया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर डोंबिवली स्थित रवींद्र चव्हाण के जनसंपर्क कार्यालय में एक अनोखा पारिवारिक माहौल देखने को मिला। “जीवाभाव के रविदादा” कहकर सभी महिलाओं ने रवींद्र चव्हाण के प्रति अपने स्नेह और आत्मीयता को व्यक्त किया।
इस अवसर पर रवींद्र चव्हाण ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राखी के धागे में पिरोया बहनों का निश्छल प्रेम, मासूम मुस्कुराते चेहरे, आंखों में बसे सपने और अपनत्व की आत्मीयता… आज हर राखी ने मन को एक अलग ही गर्माहट दी। डोंबिवली की ऐसी अनेक छोटी बहनों ने प्रेमपूर्वक मेरी कलाई पर राखी बांधी। उनके नन्हे हाथों से कलाई पर बांधी गई यह राखी मन में गहराई तक उतर गई। उन निश्छल क्षणों में रक्षाबंधन के रिश्ते की वास्तविक समृद्धि को अनुभव करने का अवसर मिला।
कुछ बहनें उम्र में छोटी हैं, लेकिन इन बहनों के सपने बहुत बड़े हैं। वे अपने सपनों को उड़ान दे सकें, अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और जीवन को आत्मविश्वास के साथ देख सकें, इसके लिए उनकी इस यात्रा में अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव योगदान देते रहना ही मेरा संकल्प है।