- Hindi News
- बालीवुड
- अरावली की वादियों में आज बंधेंगे विजय देवरकोंडा–रश्मिका मंदाना विवाह बंधन में
अरावली की वादियों में आज बंधेंगे विजय देवरकोंडा–रश्मिका मंदाना विवाह बंधन में
बॉलीवुड न्यूज
उदयपुर में दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों से शादी, सीमित मेहमान और पारंपरिक सजावट बनी खास आकर्षण
राजस्थान के उदयपुर में आज दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। अरावली पर्वतमाला की पृष्ठभूमि में आयोजित यह निजी समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों, सीमित अतिथि सूची और सांस्कृतिक सजावट के कारण सुर्खियों में है। शादी की रस्में आज होटल आईटीसी मोमेंटोज एकाया में सम्पन्न होंगी, जहां बीते चार दिनों से प्री-वेडिंग कार्यक्रम जारी हैं।
समारोह की शुरुआत बुधवार को हल्दी और मेहंदी की रस्मों से हुई, जिनमें दोनों कलाकारों के करीबी मित्र और परिवारजन शामिल हुए। मंडप को कच्चे केले के तनों, बड़े पत्तों और पारंपरिक फूलों—गुलाब, ऑर्किड और ट्यूलिप—से सजाया गया है। दक्षिण भारतीय वैवाहिक परंपराओं के अनुरूप विशेष पंडितों को भी आमंत्रित किया गया है, जो अनुष्ठान संपन्न करवा रहे हैं।
दुल्हन पक्ष की ओर से पारंपरिक ‘वर स्वागत’ रस्म में नारियल, पान के पत्ते, मिठाई और हल्दी-कुमकुम भेंट किए गए। वहीं दूल्हे की मां ने परिवार की परंपरा के अनुसार रश्मिका को चूड़ियां भेंट कीं। आयोजन से जुड़े सूत्रों के अनुसार समारोह में ‘नो फोन पॉलिसी’ लागू है, जिससे गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
शादी में सीमित मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है। फिल्म जगत के कुछ चुनिंदा नामों में निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा, अभिनेता-निर्देशक राहुल रविंद्रन और अभिनेत्री आशिका रंगनाथ शामिल हैं।आज शाम को आयोजित डीजे नाइट समारोह का एक अन्य आकर्षण होगी, जिसमें पारंपरिक और आधुनिक संगीत का मिश्रण प्रस्तुत किया जाएगा।
यह विवाह समारोह मनोरंजन जगत में इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दोनों कलाकार लंबे समय से अपने संबंधों को लेकर सार्वजनिक रूप से चर्चा में रहे हैं।
----------------------
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!

