- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- रायपुर में बैंक चेक से 4.40 लाख की धोखाधड़ी, जमा किए गए अकाउंट पेयी चेक से निकाली गई रकम
रायपुर में बैंक चेक से 4.40 लाख की धोखाधड़ी, जमा किए गए अकाउंट पेयी चेक से निकाली गई रकम
रायपुर (छ.ग.)
पीड़ित का आरोप- चेक में बदलाव कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए SBI शाखा से निकाला गया कैश; कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच
राजधानी रायपुर में बैंकिंग दस्तावेजों से कथित छेड़छाड़ कर चेक के जरिए लाखों रुपये निकालने का मामला सामने आया है। तात्यापारा निवासी आनंद कुसरे ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम जारी 4.40 लाख रुपये के अकाउंट पेयी चेक का गलत इस्तेमाल कर रकम निकाल ली गई।
शिकायत के अनुसार, आनंद कुसरे ने संपत्ति बिक्री के सौदे के दौरान मिले चेक को अपने बैंक ऑफ इंडिया, तात्यापारा शाखा में जमा किया था। यह चेक 14 जुलाई 2026 की तारीख का था और इसकी राशि 4 लाख 40 हजार रुपये थी। आनंद ने बताया कि उन्होंने चेक नंबर 669171 को 15 जुलाई को बैंक में जमा किया था। इसके बाद जब तय समय पर राशि खाते में नहीं पहुंची तो उन्होंने बैंक से जानकारी मांगी।
बैंक अधिकारियों से पूछताछ के दौरान उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि जमा किया गया चेक उपलब्ध नहीं है। बैंक की ओर से उन्हें केवल जमा पर्ची होने की जानकारी दी गई। कुछ दिन बाद जब उन्होंने बैंक से दोबारा संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि चेक की राशि पहले ही भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की संतोषी नगर शाखा से नकद निकाली जा चुकी है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि चेक में कथित रूप से बदलाव किया गया और पीछे उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर किए गए। उनका कहना है कि रकम निकालने वाले व्यक्ति ने भुगतान प्रक्रिया के दौरान अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया था। इसके बाद आनंद कुसरे SBI शाखा पहुंचे और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अज्ञात व्यक्ति ने बैंक से रकम हासिल की।
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बैंक रिकॉर्ड, चेक से जुड़े दस्तावेज और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चेक बैंक से कैसे गायब हुआ और रकम निकालने के लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

