- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- रायपुर में 15 लाख की दही-हांडी प्रतियोगिता आज, MP-महाराष्ट्र समेत कई राज्यों की गोविंदा टीमें पहुंची...
रायपुर में 15 लाख की दही-हांडी प्रतियोगिता आज, MP-महाराष्ट्र समेत कई राज्यों की गोविंदा टीमें पहुंचीं
रायपुर (छ.ग.)
गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में होगा 16वां आयोजन; बी-प्राक और लखबीर सिंह लक्खा देंगे प्रस्तुति, शाम 4 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर में आज बड़ा दही-हांडी उत्सव आयोजित किया जा रहा है। गुढ़ियारी क्षेत्र के अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड पर होने वाले इस आयोजन में प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों की गोविंदा टीमें भी हिस्सा लेंगी। सार्वजनिक दही-हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा। इस बार आयोजन का यह 16वां वर्ष है।
दही-हांडी प्रतियोगिता इस उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी। इसमें छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा से आई गोविंदा टोलियां अपनी प्रस्तुति देंगी। प्रतियोगिता में सबसे ऊंची दही-हांडी तोड़ने वाली विजेता टीम को 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा भाग लेने वाली अन्य टीमों को भी समिति की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
आयोजकों के मुताबिक, अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से 26 से अधिक पुरुष और महिला गोविंदा टीमों ने प्रतियोगिता के लिए पंजीयन कराया है।महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से भी कई टीमें रायपुर पहुंच रही हैं। इनमें महाराष्ट्र के भंडारा और मध्य प्रदेश के इंदौर व जबलपुर की गोविंदा टोलियां शामिल हैं।
आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रसिद्ध गायक बी-प्राक और लखबीर सिंह लक्खा अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए टीमों से कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जा रहा है। दही-हांडी कार्यक्रम के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

