- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- भोपाल
- रक्षाबंधन के बाद बालाघाट पहुंचेंगे CM मोहन यादव, जन विश्वास अभियान में सुनेंगे जनता की शिकायतें
रक्षाबंधन के बाद बालाघाट पहुंचेंगे CM मोहन यादव, जन विश्वास अभियान में सुनेंगे जनता की शिकायतें
भोपाल (म.प्र.)
29 अगस्त को जिला स्तरीय शिविर में समाधान ऑनलाइन की शिकायतों पर सुनवाई; आवासीय स्कूल, आश्रम और छात्रावासों का निरीक्षण भी करेंगे अधिकारी
रक्षाबंधन के अगले दिन यानी 29 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बालाघाट में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। त्योहार के कारण अभियान की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले यह कार्यक्रम 28 अगस्त को प्रस्तावित था। बालाघाट में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम केवल प्रशासनिक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतों की सुनवाई, अधिकारियों के साथ समीक्षा और विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में मीडिया और उद्योग जगत से बातचीत भी प्रस्तावित है।
शिकायतों पर सीधे होगी सुनवाई
जन विश्वास अभियान का मुख्य फोकस आम लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनना और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा करना है। बालाघाट के जिला स्तरीय शिविर में समाधान ऑनलाइन से चिन्हित शिकायतकर्ताओं की समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएंगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों से जिले में चल रही विकास योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी भी लेंगे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा।
स्कूल और छात्रावासों का निरीक्षण
अभियान के तहत सरकारी आवासीय विद्यालय, आश्रम और छात्रावासों का निरीक्षण भी प्रमुख गतिविधियों में शामिल है। इन संस्थानों में रहने वाले छात्र-छात्राओं और युवाओं से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य सरकारी आवासीय संस्थानों की व्यवस्थाओं को केवल कागजी रिपोर्ट के आधार पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर देखने पर जोर देना है।
उद्योग और मीडिया से भी संवाद
बालाघाट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का उद्योग संवाद और मीडिया संवाद भी प्रस्तावित है। उद्योग जगत से बातचीत के दौरान स्थानीय औद्योगिक गतिविधियों और निवेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, जबकि मीडिया संवाद के जरिए जिले से जुड़े प्रमुख विषयों पर बातचीत की जाएगी।
प्रदेश के सभी जिलों में भी अभियान
मुख्यमंत्री के बालाघाट दौरे के साथ ही 29 अगस्त को मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में भी जन विश्वास अभियान आयोजित किया जाएगा। रक्षाबंधन के चलते 28 अगस्त का कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया है। इसी तरह 4 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम भी 5 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
Recommended for You
दैनिक जागरण से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

