नई दिल्ली। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (डीईपी डब्ल्यूडी) के अधीन भारत सरकार का एक उपक्रम, अपनी ब्रांड एंबेसडर सुश्री सरिता द्विवेदी को मिस्र के काहिरा में आयोजित विश्व बोकिया चैलेंजर 2026 में दो रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता है।सरिता द्विवेदी ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए निम्नलिखित स्पर्धाओं में रजत पदक अर्जित किए-बीसी3 महिला व्यक्तिगत स्पर्धा– रजत पदक और दूसरा बीसी 3 युगल स्पर्धा- रजत पदक. उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि में उनके समर्पित रैम्प ऑपरेटर श्री सुरेन्द्र सिंह सिकरवार (कर्मचारी संख्या–2043), जो एलिम्को परिवार के गौरवपूर्ण सदस्य हैं, का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बीसी3 युगल स्पर्धा में सरिता द्विवेदी ने श्री सचिन चमारिया के साथ साझेदारी की। इस स्पर्धा में श्री सचिन चमारिया के रैम्प ऑपरेटर श्री दीवान सासनी रहे। दोनों खिलाड़ियों और उनके रैम्प ऑपरेटरों के उत्कृष्ट समन्वय एवं टीम भावना ने भारत को इस स्पर्धा में रजत पदक दिलाया।
एलिम्को ने सरिता द्विवेदी, श्री सचिन चमारिया, श्री सुरेन्द्र सिंह सिकारवार तथा श्री दीवान सासनी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि भारतीय पैरा खेलों की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रतीक है तथा दिव्यांग खिलाड़ियों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रेरणादायक उदाहरण भी है। एलिम्को को अपनी ब्रांड एंबेसडर सरिता द्विवेदी तथा अपने कर्मचारी श्री सुरेन्द्र सिंह सिकारवार की इस उपलब्धि पर अत्यंत गर्व है। यह सफलता देशभर के दिव्यांगजन को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा प्रदान करेगी।