- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- भोपाल में एयरलाइंस फ्लाइट मैनेजर ने की आत्महत्या, घर में पत्नी की मौजूदगी में फंदे से लटका मिला शव
भोपाल में एयरलाइंस फ्लाइट मैनेजर ने की आत्महत्या, घर में पत्नी की मौजूदगी में फंदे से लटका मिला शव
भोपाल (म.प्र.)
परवलिया सड़क इलाके की घटना, देर रात पत्नी की नींद खुलने पर सामने आया मामला; पुलिस ने शुरू की जांच
राजधानी भोपाल के परवलिया सड़क थाना क्षेत्र में एक निजी एयरलाइंस कंपनी के फ्लाइट मैनेजर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात की है। मृतक की पत्नी घटना के समय घर में ही मौजूद थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय मुर्तजा हसन, पिता परवेज हसन, निवासी शांति एनक्लेव, परवलिया सड़क के रूप में हुई है। वह IndiGo Airlines में फ्लाइट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, मुर्तजा ने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था और उसकी चार साल की एक बेटी है।
देर रात सामने आया मामला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मुर्तजा हसन ने रात करीब एक बजे घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। उसकी पत्नी दूसरे कमरे में सो रही थी। देर रात जब पत्नी की नींद खुली, तो उसने पति को फंदे से लटका हुआ देखा। घबराकर उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर परवलिया सड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सके हैं।
मोबाइल जब्त, पारिवारिक कारणों की आशंका
पुलिस ने जांच के लिए मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कारण होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
परिजनों के आने के बाद अंतिम संस्कार
मृतक के पिता दुबई में नौकरी करते हैं, जबकि उसका भाई पंजाब में कार्यरत है। दोनों के भोपाल पहुंचने के बाद शनिवार को शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
----
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
