- Hindi News
- देश विदेश
- नॉर्वे के डिप्लोमैट ने भारतीयों की तुलना सांप से भी बदतर बताई: एपस्टीन फाइल में खुलासा
नॉर्वे के डिप्लोमैट ने भारतीयों की तुलना सांप से भी बदतर बताई: एपस्टीन फाइल में खुलासा
अंतराष्ट्रीय न्यूज
टेर्जे रॉड-लार्सन ने 2015 में एपस्टीन को ईमेल में लिखा—“जब भारतीय और सांप मिलें, तो पहले भारतीय को मारो”; लार्सन ने नवाज शरीफ-मुलाकात की जानकारी भी एपस्टीन को भेजी
नई दिल्ली: अमेरिकी न्याय विभाग ने यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी 30 लाख से अधिक फाइलें सार्वजनिक की हैं, जिनमें कई बड़े और रसूखदार लोगों के छिपे हुए रिश्ते और विवाद सामने आए हैं। इन दस्तावेज़ों में नार्वे के डिप्लोमैट टेर्जे रॉड-लार्सन का 25 दिसंबर 2015 का एक ईमेल भी शामिल है। इसमें लार्सन ने भारतीयों की तुलना सांप से भी बदतर बताते हुए लिखा था, “जब आप एक भारतीय और एक सांप से मिलें, तो पहले भारतीय को मार डालो।”हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि लार्सन ने भारतीयों के खिलाफ यह संदेश क्यों लिखा था।
नवाज शरीफ-मुलाकात की जानकारी एपस्टीन को भेजी
फाइलों से यह भी पता चला कि 2013 में लार्सन ने बिल गेट्स और पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई मुलाकात की पूरी रिपोर्ट सीधे एपस्टीन को भेजी थी। रिपोर्ट में बिल गेट्स ने पाकिस्तान में पोलियो उन्मूलन प्रयासों की सराहना की, जबकि नवाज शरीफ ने युवाओं के लिए IT नौकरियों, टेक्नोलॉजी एक्सपोर्ट, ई-गवर्नेंस और टेक पार्क बनाने पर अपनी योजनाओं की जानकारी दी।
टेर्जे रॉड-लार्सन का करियर और विवाद
लार्सन नॉर्वे की लेबर पार्टी से जुड़े रहे हैं और इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने UN में भी काम किया। 1996 में टैक्स से जुड़े मामले में गड़बड़ी के कारण उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। 2020 में एपस्टीन से जुड़े विवाद के चलते उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
एपस्टीन से वित्तीय संबंध
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लार्सन ने एपस्टीन से निजी तौर पर 1.3 लाख डॉलर का कर्ज लिया और उनकी संस्थाओं से लगभग 6.5 लाख डॉलर का चंदा स्वीकार किया। उन्होंने इसके लिए संस्थान के बोर्ड और सहयोगियों से माफी भी मांगी।
नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मारिट का नाम फाइल में शामिल
फाइलों में नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मारिट का नाम करीब एक हजार बार आया है। रिपोर्ट के अनुसार, वे 2011 से 2014 तक एपस्टीन के संपर्क में रहीं। 2013 में प्रिंसेस चार दिनों के लिए फ्लोरिडा में एपस्टीन के घर रहीं। शाही महल ने बताया कि 2014 में उन्होंने एपस्टीन से लिखित रूप में संपर्क बंद कर दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि एपस्टीन उनका रिश्ता दूसरों पर असर डालने के लिए इस्तेमाल कर रहा था।
जेफ्री एपस्टीन कौन था?
एपस्टीन न्यूयॉर्क का करोड़पति फाइनेंसर था। 2005 में नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न का दोषी ठहराया गया, 2008 में उसे 13 महीने की जेल हुई। 2019 में सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोप में गिरफ्तार हुआ, लेकिन जेल में आत्महत्या कर ली। उसकी पार्टनर गिस्लीन मैक्सवेल को 2021 में दोषी ठहराया गया और 20 साल की सजा सुनाई गई।
यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब नॉर्वे के शाही परिवार पहले से ही विभिन्न विवादों से जूझ रहा है और एपस्टीन फाइल्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिर से सनसनी पैदा कर दी है।
------------------
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
