- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- भोपाल के बड़ा तालाब का सीमांकन दोबारा शुरू
भोपाल के बड़ा तालाब का सीमांकन दोबारा शुरू
भोपाल (म.प्र.)
भदभदा के सेवनिया गौंड से शुरू हुआ अभियान, 50 मीटर दायरे में सैर सपाटा और निजी निर्माण भी जांच के दायरे में
भोपाल। राजधानी भोपाल में बड़ा तालाब के आसपास 50 मीटर क्षेत्र का सीमांकन करने की कार्रवाई होली के बाद एक बार फिर शुरू कर दी गई है। सोमवार को टीटी नगर एसडीएम कार्यालय की टीम ने नगर निगम, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर भदभदा स्थित सेवनिया गौंड क्षेत्र से इस अभियान की शुरुआत की। राजस्व अमले ने नक्शों के आधार पर जमीन का मापन किया और जहां निर्माण फुल टैंक लेवल (FTL) से 50 मीटर के भीतर पाए गए, वहां लाल निशान लगाकर अतिक्रमण चिन्हित किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सीमांकन का उद्देश्य बड़ा तालाब के आसपास निर्धारित सुरक्षा दायरे को स्पष्ट करना और अतिक्रमण की पहचान करना है। सोमवार को लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में सर्वे किया गया, जिसमें करीब 10 अतिक्रमण सामने आए। इनमें से अधिकांश निजी निर्माण बताए जा रहे हैं, जिनमें फेंसिंग, टीन शेड और स्विमिंग पूल जैसे ढांचे शामिल हैं।
सीमांकन के दौरान यह भी सामने आया कि जिस स्थान से कार्रवाई शुरू हुई, वहां आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा की सास रेखा तिवारी के नाम दर्ज एक संपत्ति का हिस्सा भी एफटीएल सीमा के भीतर पाया गया है। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले लोकायुक्त, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने सौरभ शर्मा से जुड़ी संपत्तियों की जांच की थी और कई संपत्तियों को अटैच किया गया था।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इसी क्षेत्र में सौरभ शर्मा और उसके सहयोगियों चेतन गौर तथा शरद जायसवाल का आना-जाना रहा है। यहां रो-हाउस निर्माण का कार्य भी चलता रहा था, हालांकि संबंधित मकान मुख्य सीमांकन क्षेत्र से कुछ दूरी पर बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने इस संबंध में दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
तहसीलदार कुणाल रावत ने बताया कि सीमांकन के दौरान चिन्हित सभी अतिक्रमणों की सूची तैयार की जा रही है। जिन निर्माणों पर लाल निशान लगाए गए हैं, उनके मालिकों को नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। राजस्व निरीक्षक और पटवारियों की टीम ने नक्शों और जीपीएस उपकरणों की मदद से जमीन का मापन किया। अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को भी सीमांकन की कार्रवाई जारी रहेगी और तालाब के अन्य हिस्सों में भी सर्वे किया जाएगा।
बड़ा तालाब भोपाल की जल आपूर्ति और पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में इसके आसपास बढ़ते निर्माण और अतिक्रमण को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। यही वजह है कि इस बार सीमांकन अभियान को सख्ती से लागू करने की तैयारी की गई है।


