- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश
- इंदौर में ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन-2025’ ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 6100 से ज्यादा लोगों ने दिया अंगदान का सं...
इंदौर में ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन-2025’ ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 6100 से ज्यादा लोगों ने दिया अंगदान का संदेश
Indore, MP
108 संस्थाओं की भागीदारी से नेहरू स्टेडियम से निकली वॉकाथॉन, एनीमिया और ऑर्गन डोनेशन पर जनजागरूकता का ऐतिहासिक प्रयास
एनीमिया और अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन-2025’ ने इंदौर में नया इतिहास रच दिया। रविवार सुबह नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर पलासिया चौराहा होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई इस वॉकाथॉन में 108 संस्थाओं के 6100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में अपना नाम दर्ज कराया।
आयोजकों के अनुसार, रिकॉर्ड की पुष्टि के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने ड्रोन कैमरे से प्रतिभागियों की गिनती की, जिसमें 6128 लोगों की सहभागिता दर्ज हुई। इससे पहले अंगदान जागरूकता से जुड़ा विश्व रिकॉर्ड 3006 प्रतिभागियों का था, जिसे इस बार दोगुने से अधिक आंकड़े के साथ तोड़ा गया।
इस वॉकाथॉन का आयोजन मित्ताशा फाउंडेशन द्वारा किया गया था। फाउंडेशन के संस्थापक आलोक सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि समाज को एनीमिया और अंगदान जैसे गंभीर स्वास्थ्य विषयों के प्रति संवेदनशील बनाना था। उन्होंने कहा कि अंगदान से जुड़े भ्रमों को तोड़ना और लोगों को आगे आने के लिए प्रेरित करना इस अभियान की प्राथमिकता रही।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें 9 ऐसे लोग भी शामिल हुए, जिन्हें पूर्व में किडनी या लिवर ट्रांसप्लांट हो चुका है। इसके अलावा वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स (जर्मनी) में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके 7 खिलाड़ी भी वॉकाथॉन का हिस्सा बने। इन खिलाड़ियों ने बताया कि अंगदान ने उन्हें नया जीवन दिया है और इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता।
वॉकाथॉन में आम नागरिकों के साथ छात्र, डॉक्टर, सुरक्षा बलों के जवान, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। मार्ग के दौरान प्रतिभागियों ने अंगदान और एनीमिया से बचाव से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर जनजागरूकता फैलाई।
इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कार्यक्रम में कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि अंगदान से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं और एनीमिया पर जागरूकता युवाओं के भविष्य के लिए जरूरी है। वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर हमेशा जनभागीदारी वाले सामाजिक अभियानों में देश को दिशा देता रहा है।
कार्यक्रम में 70 से अधिक सामाजिक, शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थाओं ने भाग लिया। मौके पर अंगदान पंजीकरण, एनीमिया जांच, मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण, डॉक्टरी परामर्श और वेलनेस किट की भी व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों का कहना है कि यह वॉकाथॉन न सिर्फ एक रिकॉर्ड है, बल्कि स्वस्थ समाज की दिशा में सामूहिक संकल्प भी है, जो आने वाले समय में स्थायी बदलाव का आधार बनेगा।
हमारे आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से जुड़ें –
🔴 व्हाट्सएप चैनल: https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V
🔴 फेसबुक: Dainik Jagran MP/CG Official
🟣 इंस्टाग्राम: @dainikjagranmp.cg
🔴 यूट्यूब: Dainik Jagran MPCG Digital
📲 सोशल मीडिया पर जुड़ें और बने जागरूक पाठक।
👉 आज ही जुड़िए!
