- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- मां बम्लेश्वरी मंदिर में बड़ा हादसा: रोपवे ट्रॉली टूटने से रामसेवक पैकरा सहित चार भाजपा नेता घायल, भ...
मां बम्लेश्वरी मंदिर में बड़ा हादसा: रोपवे ट्रॉली टूटने से रामसेवक पैकरा सहित चार भाजपा नेता घायल, भरत वर्मा की हालत गंभीर
Dongargarh, cg

छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब रोपवे की एक ट्रॉली अचानक रोप से टूटकर गिर गई। इस हादसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा, प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, तथा नेता दया सिंह सहित चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में हड़कंप फैल गया।
घटना शुक्रवार दोपहर उस समय हुई, जब ये नेता मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहाड़ी मंदिर की ओर जा रहे थे। ट्रॉली अचानक हवा में ही टूटकर नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा को गंभीर चोटें लगी हैं। उन्हें तत्काल राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
रेस्क्यू अभियान जारी, रोपवे संचालन बंद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल एहतियात के तौर पर रोपवे संचालन को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
पूर्व में भी हो चुके हैं हादसे
गौरतलब है कि मां बम्लेश्वरी मंदिर के रोपवे में पहले भी तकनीकी खराबियों के चलते दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए अब फिर से रोपवे की तकनीकी स्थिति और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वाहट्सएप्प चैनल से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करके फॉलो कीजिये, या फिर QR कोड स्कैन कर जुड़िये।।
https://whatsapp.com/channel/0029VbATlF0KQuJB6tvUrN3V