- Hindi News
- राज्य
- छत्तीसगढ़
- छत्तीसगढ़ में आज गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, रायपुर समेत कई जिलों में मध्यम वर्षा की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में आज गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, रायपुर समेत कई जिलों में मध्यम वर्षा की चेतावनी
Raipur, CG

प्रदेश में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का असर अलग-अलग दिखा। लालपुर वेधशाला में जहां 52 मिमी वर्षा दर्ज हुई, वहीं माना क्षेत्र में केवल 12.6 मिमी पानी गिरा। रविवार शाम को राजधानी के कई इलाकों में बादल गरजे और घंटेभर तक झमाझम बरसात हुई, जिससे पानी भरने की स्थिति बन गई। दूसरी ओर शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी तक ही सीमित रही। सोमवार को भी दोपहर में एक बार फिर तेज बारिश हुई, लेकिन इसका असर केवल 5 से 7 किलोमीटर तक ही सिमटा रहा।
13 सितंबर से बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-आंध्र तटवर्ती इलाकों पर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय है। वहीं मानसून द्रोणिका दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान से होकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके चलते आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में बिखरी हुई बारिश होगी, जबकि 13 सितंबर से वर्षा की तीव्रता और दायरा दोनों बढ़ने की संभावना है।
राजधानी रायपुर का पूर्वानुमान
आज रायपुर में आसमान पर बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम को गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।